खटीमा:
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा दौरे के दौरान ब्लॉक सभागार में स्थानीय पंचायत एवं निकाय जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं के बयानों पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस द्वारा थारू जनजाति की जमीनें छीने जाने संबंधी बयान को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस के आरोपों को “नई बोतल में पुरानी शराब” करार देते हुए कहा कि 2022 के चुनाव में भी कांग्रेस ने इसी तरह भ्रम फैलाकर नैरेटिव सेट करने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह “बयान रूपी सिक्का” अब दोबारा नहीं चलने वाला।
उन्होंने कहा कि हाल ही में खटीमा में आयोजित कांग्रेस सम्मेलन में एक बार फिर उसी पुराने मुद्दे को उठाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई है। सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस लगातार खटीमा क्षेत्र में जमीनें छीने जाने का झूठा प्रचार कर रही है, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार उधम सिंह नगर में बांग्लादेश से आए करीब एक लाख शरणार्थियों को नागरिकता देने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। इसके साथ ही 4000 से अधिक सीलिंग भूमि पर पट्टे भी दिए जा चुके हैं। ऐसे में किसी की जमीन छीने जाने का सवाल ही नहीं उठता।
कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने मौजूद जनप्रतिनिधियों से सवाल करते हुए पूछा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में क्या खटीमा में किसी भी थारू जनजाति के व्यक्ति की जमीन छीनी गई है? उन्होंने मंच से लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके रहते खटीमा में किसी के हितों को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा, चाहे कांग्रेस कितनी भी भ्रम फैलाने की कोशिश करे।
