रुड़की में तेज रफ्तार का कहर: कार चालक ने बाइक और कार को मारी टक्कर, युवक की हालत गंभीर
रुड़की में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक कार चालक ने सड़क पर जमकर लापरवाही दिखाई और कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक मामला गंगनहर कोतवाली क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि एक आई-10 कार बीएसएम कॉलेज की ओर से मालवीय चौक की तरफ तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान बीएसएम लॉ कॉलेज के सामने चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया। बाद में डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद भी कार चालक नहीं रुका और तेज रफ्तार में आगे बढ़ते हुए शेखपुरी की ओर मुड़ रही एक अन्य कार को भी टक्कर मार दी, जिससे वह वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पीछा कर मालवीय चौक के पास आरोपी चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में था। बताया जा रहा है कि कार में एक युवती भी मौजूद थी।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम सोरन थापा बताया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
