लक्सर स्थित आदर्श सीएलएफ की दोना-पत्तल एवं पेपर कप इकाई का निरीक्षण

सीडीओ हरिद्वार ने पर्यावरण-अनुकूल उद्यमों को दिया बढ़ावा

लक्सर स्थित आदर्श सीएलएफ की दोना-पत्तल एवं पेपर कप इकाई का निरीक्षण

 

हरिद्वार (06-01-2026)

 

 

जनपद हरिद्वार के लक्सर विकासखंड अंतर्गत स्थित आदर्श क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के सहयोग से समूह की महिलाओं के आजीविका हेतु स्थापित दोना-पत्तल एवं पेपर कप निर्माण इकाई का आज वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी (एसडीएम), अपर जिलाधिकारी (एडीएम) तथा खंड विकास अधिकारी, लक्सर उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने सीएलएफ के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने बताया कि ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत इस प्रकार की उत्पादन इकाइयाँ न केवल रोजगार के अवसर सृजित कर रही हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं।

मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार ने आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए उत्पादों की संभावित मांग पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए कागज की पत्तल, पत्ते की पत्तल एवं पेपर कप जैसे पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों के उत्पादन को बढ़ाने पर जोर दिया, जिससे प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाई जा सके और स्वच्छ पर्यावरण को बढ़ावा मिले।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीएलएफ सदस्यों एवं महिला उद्यमियों से संवाद कर उत्पादन प्रक्रिया, मशीनों की क्षमता, विपणन व्यवस्था एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। साथ ही उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और बाजार से जोड़ने के संबंध में आवश्यक सुझाव भी दिए।

अंत में अधिकारियों द्वारा सीएलएफ एवं महिला समूहों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया, ताकि यह इकाई भविष्य में जनपद हरिद्वार के लिए एक मॉडल पर्यावरण-अनुकूल उद्यम के रूप में स्थापित हो सके।

इस भ्रमण और निरीक्षण के दौरान ग्रामोत्थान रीप परियोजना के ब्लॉक स्टाफ प्रिंस चौहान, चंद्रशेखर, सीएलएफ की अध्यक्षा, सीएलएफ स्टाफ और अन्य सीएलएफ के पदाधिकारी और स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *