मंदिरों में चोरी करने वाले गैंग का भंडाफोड़, शातिर चोर और कबाड़ी गिरफ्तार

मंदिरों में चोरी करने वाले गैंग का भंडाफोड़, शातिर चोर और कबाड़ी गिरफ्तार

 

काशीपुर: ऑपरेशन प्रहार के तहत काशीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गैंग का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर और एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया दानपात्र, नकदी और धार्मिक सामान बरामद किया गया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी तालिब हुसैन अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र के मंदिरों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद दानपात्र और अन्य धार्मिक सामान को कबाड़ी के माध्यम से बेच दिया जाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 15 हजार रुपये से अधिक की नकदी, नाग प्रतिमाएं, कलश, त्रिशूल तथा 17 घंटियां बरामद हुई हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान मंदिरों से चोरी किया गया था।


फिलहाल मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। काशीपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

सीओ काशीपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *